पिठोरिया (रांची): झारखंड की संस्कृति और नागपुरी भाषा का संरक्षण जरूरी है, इसके लिए अपनी जड़ों से जुड़े रहने की जरूरत है। यह बातें नागपुरी गायक पद्मश्री  मधु मंसूरी ने प्रेम मंजरी उच्च विद्यालय में रविवार को आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया। पिठोरिया एजुकेशनल फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया गया।

अवसर पर मधु मंसूरी ने कहा कि नागपुरी भाषा झारखंड की सभ्यता, परंपराओं और जनजीवन की पहचान है। इसके संरक्षण के लिए युवाओं और शिक्षण संस्थानों को आगे आना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित रहें।

कार्यक्रम में उन्होंने अपना प्रसिद्ध नागपुरी गीत ‘नागपुर कर कोरा’ प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति पर विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया।

मौके पर फाउंडेशन के निदेशक सुजीत कुमार केसरी, दीपक चौरसिया, विजय पांडेय, नीरज कुमार देव, रंजीत तिर्की, सचित राणा और अनूप रंजन समेत अन्य लोग मौजूद थे। विद्यालय परिवार ने मधु मंसूरी के सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।