111 करोड़ की योजनाओं का हुआ शिलान्यास और उद्घाटन

शहीदों के संघर्ष से मिला झारखंड राज्य : मुख्यमंत्री 

रामगढ़: गोला प्रखंड के नेमरा स्थित लुकैयाटांड में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस-सह-पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने रामगढ़ जिले की लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम सभी शहीद सोबरन सोरेन (सोबरन मांझी) के 69वें शहादत दिवस पर एकत्रित हुए हैं। इस दिवस को ऐतिहासिक बनाने और जन-जन तक पहुंचाने का कार्य दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया। सामंती सोच और अत्याचार के विरुद्ध जिस संघर्ष की आवाज को दबाने का षड्यंत्र रचा गया था, वह गुरुजी के नेतृत्व में फिर से जीवंत हो उठा। आज की नई युवा पीढ़ी इस शहादत की विरासत को आगे ले जाने का संकल्प लेती है।

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब यहां के आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने बोलना तो दूर, सिर उठाकर देख भी नहीं सकते थे, लेकिन आज स्थिति बदली है। आज राज्य का हर गरीब, गुरबा, आदिवासी और मूलवासी समाज निडर होकर अपनी बात रखता है और स्वाभिमान के साथ सिर उठाकर जीता है। इसका पूरा श्रेय शहीद सोबरन मांझी की शहादत को जाता है।

कार्यक्रम में आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महानायकों की तरह ही सोबरन मांझी ने अपनी कर्मठता और निडरता का परिचय दिया। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक अत्याचार के विरुद्ध जो छोटी-छोटी चिंगारियां फूटीं, वही आगे चलकर अलग झारखंड राज्य के आंदोलन का रूप लिया। उस समय लोग हंसते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना अलग राज्य कैसे चलाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को संवारने का काम कर रहा है।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, आयुक्त उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में आमलोग उपस्थित थे।