सिमडेगा: जिले के 11 मेधावी छात्रों का चयन अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय के बैंगलोर और भोपाल कैंपस में उच्च शिक्षा के लिए हुआ है। इन छात्रों ने अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय द्वारा संचालित ब्रिज प्रोग्राम के माध्यम से प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता प्राप्त कर 100% छात्रवृत्ति अर्जित की है। चयनित छात्रों में 9 भोपाल कैंपस और 2 बैंगलोर कैंपस में अध्ययन करेंगे।

उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने मंगलवार को 11 सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि सिमडेगा जैसे पिछड़े माने जाने वाले जिले से छात्रों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना जिले के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि शिक्षा के क्षेत्र में अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी। उन्होंने छात्रों को नई जगहों पर सजग रहने, अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में जिला प्रशासन से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी। उपायुक्त ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों से अनुरोध किया कि छुट्टियों के दौरान छात्रों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी जिला प्रशासन को नियमित रूप से दी जाए। साथ ही शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय के अधिकारियों से छात्रों की प्रगति की जानकारी साझा करने का निर्देश दिया।

अवसर पर उप विकास आयुक्त संदीप कुमार दोराईबुरु, जिला योजना पदाधिकारी, चयनित छात्र और उनके अभिभावक, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सदस्य प्रीतम गुप्ता, सुकृति कर्मकार, दिलीप अधिकारी, आनंद प्रभात और अनिशा एंजेला कुजूर उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!