रामगढ़: श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि डीएसपी चंदन कुमार वत्स शामिल हुए। उनके आगमन पर बुके देकर और स्वागत गीत प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। इसके उपरांत दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में डीएसपी ने बच्चों के बीच तकरीबन 200 पौधों का वितरण किया। अवसर पर उन्होंने कहा कि अभियान मां प्रकृति को समर्पित है। पृथ्वी को सुरक्षित और हरा-भरा रखने के लिए हम सभी को अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे और पेड़ों को कटने से भी बचाना होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी को पौधरोपण जरूर करना चाहिए। साथ ही इसके लिए दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी रामगढ़ के अध्यक्ष सरदार परंदीप सिंह कालरा, उपाध्यक्ष सह प्रबंधक सरदार मनमोहन सिंह लांबा मौजूद थे।