माइक्रो फाइनांस कंपनी के कर्मी से लूटपाट करने की बना रहा था योजना 

रामगढ़: पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रामगढ़ पुलिस ने रांची रोड में अपराध की योजना बनाते एक अपराधी को गिरफ्तार है। जिसके पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक जिंदा गोली और कीपैड मोबाइल जब्त किया है।

इस संबंध में सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस कर रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने बताया कि रांची रोड की ईफीको कॉलोनी गेट के पास एक अपराधी के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने इफिको कॉलोनी गेट पास छापामारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस बल को देखकर एक संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा।जिसे पुलिस बल ने पकड़ लिया। पकड़ाये व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम महेन्द्र ठाकुर (32 वर्ष) पिता स्व. भीखु ठाकुर, निवासी साड़म, मड़ई टोला, थाना गोमिया, जिला बोकारो बताया। उसकी तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक देशी कट्टा जिसमें एक जिंदा गोली लोड पाया गया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की गई।

अपने स्वीकारोक्ति बयान में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि अवैध देशी कट्टा और कारतूस उसने बंगाल से खरीदा था। उसने बताया कि बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद में अपने सहयोगियों के साथ छिनतई, चोरी, मोटर साईकिल चोरी आदि अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इधर, रांची रोड में माइक्रो फाइनांस कंपनी के कर्मचारियों द्वारा कलेक्ट किए जानेवाले रूपये लूटने की योजना बना रहा था। 

पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में रामगढ़ थाना में कांड संख्या 363/2024 दर्ज कर अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। बताते चलें कि अभियुक्त महेंद्र ठाकुर का आपराधिक इतिहास रहा है। उसपर बोकारो जिला के गोमिया थाना में छह मामले दर्ज हैं।

By Admin

error: Content is protected !!