देवघर: जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया में मंगलवार की सुबह बस और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई। जिसमें छह कांवरियों की मौत की सूचना मिल रही है। जबकि कई दर्जन भर से ज्यादा कांवरिये घायल हैं। मृतकों और घायलों में कई महिला कांवरिया भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कांवरियों से भरी बस बाबाधाम से वासुकीनाथ धाम की ओर जा रही थी। इस क्रम में गैस सिलेंडर लदे एक ट्रक से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का एक साइड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस चालक समेत पांच कांवरियों की मौत घटनास्थल पर हो गई। जबकि एक ने उपचार के क्रम में दम तोड़ दिया। हादसे में 18 कांवरिये घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायल कांवरियों को एम्स देवघर ले जाया गया है। जबकि अन्य का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। बस पर सवार अधिकांश कांवरिये बिहार के रहनेवाले थे। वहीं कुछेक छत्तीसगढ़ के भी बताए जाते हैं। मृतक चालक मोहनपुर थाना क्षेत्र का रहनेवाला था।