रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत चोरघरा पंचायत के तुरी टोला में शनिवार को एक बंद घर में आग लग गई। जिससे घर में रखे नकद रूपये समेत कई सामान जलकर खाक हो गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय सन्नी कुमार पिता स्व. सुनील साव घर में ताला बंद कर किसी काम से कुज्जू गया हुआ था। इस दौरान दोपहर में घर से धुआं उठता देख आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी सन्नी को फोन पर दी गई। वहीं स्थानीय लोगों ने घर का एजबेस्टस शीट तोड़ कर घर में लगी आग पर पानी डालने लगे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया गया कि मामले की जानकारी पंचायत के मुखिया को दी गई है। 

भुक्तभोगी सन्नी साव ने बताया कि उसकी मां गुजरात में रह रही है और वह घर में अकेला रहता है। उसने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताते हुए कहा कि आगलगी से घर में रखे 40 हजार रुपये नकद, घरेलू उपकरण, कपड़े, कागजात सहित कई सामान जलकर खाक हो गए हैं।

By Admin

error: Content is protected !!