रामगढ़: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रांची रोड स्टेशन के पास से कोढ़ा गैंग के सदस्य को हथियार समेत गिरफ्तार किया है। इस संबंध में शनिवार को रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रामगढ़ थाना क्षेत्र अन्तर्गत रांची रोड़ रेलवे स्टेशन के निकट काले रंग की अपाची बाइक पर हथियार से लैस दो युवकों के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।

सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु रामगढ़ थाना प्रभारी पीके सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम के द्वारा रांची रोड रेलवे स्टेशन के पास अलग-अलग टीम बनाकर छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक पुलिस को देख इफीको गेट की तरफ भागने लगे। इस क्रम में बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक समेत दोनों अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। इस दौरान एक युवक जंगल के रास्ते भाग निकला। जबकि पुलिस ने एक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम राम कुमार यादव उर्फ अमन कुमार उम्र 34 वर्ष, पिता महेश यादव, निवासी नया टोला, जुराबगंज, थाना कोढा, जिला-कटिहार (बिहार) बताया। जबकि भागने वाले अपने साथी का नाम राहुल कुमार यादव (27 वर्ष) पिता छेम्मो यादव बताया, जो उसी के गांव का रहनेवाला है।

पुलिस ने राम कुमार यादव उर्फ अमन कुमार की तलाशी के क्रम में उनके पास से एक देशी कट्टा, 315 बोर का दो जिंदा कारतुस, तीन खोखा,  नाइन एमएम का दो जिंदा गोली, (सोना) का टूटा हुआ चैन बरामद हुआ। बताया कि वह और उसका साथी राहुल कुमार यादव कोढ़ा गैंग के सदस्य हैं। कोढ़ा गांव के ज्यादातर लड़के संगठित होकर विभिन्न राज्यों में छिनतई और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। विगत दिनों उन्होंने रामगढ़ में चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया है। वहीं पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर काला रंग का टोपी, घटना के समय पहना हुआ आसमानी रंग का टी शर्ट, मास्टर चाबी, BR01JA-6454 का दो नम्बर प्लेट, 2000 रूपये, गमछा, पेचकस, रिंच बरामद किया। रामगढ़ थाना में कांड दर्ज कर राम कुमार यादव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि राहुल कुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।

छापामारी दल में शामिल पुलिस निरीक्षक सह रामगढ़ थाना प्रभारी डॉ. पीके सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र कुमार, सुमंत कुमार राय, राजेश मुंडा, बिरबल हेंब्रम सदलबल शामिल थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!