हजारीबाग: बड़कागांव थाना अन्तर्गत 13 माइल घाटी में टाइल्स लदा ट्रक पलट गया। ट्रक पर लदे टाइल्स के नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार केरेडारी प्रखंड के कंडाबेर निवासी केदार साव बाइक पर कोयला लोड कर बेचने के लिए हजारीबाग जा रहे थे। इस क्रम में बड़कागांव-हजारीबाग रोड पर 13 माइल के निकट मार्बल टाइल्स लदा ट्रक (BR 24GD 1117) पलट गया। ट्रक पर लदे टाइल्स के टुकड़े बाइक सवार केदार साव (47वर्ष) के उपर गिर गए। जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया। मृतक के आश्रितों को 50 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग पर लोग अड़े रहे। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई।जाम के कारण वाहनों का आवागमन ठप रहा।
वहीं दुर्घटना की जानकारी पर विधायक रोशनलाल चौधरी, पूर्व विधायक निर्मला सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते मुआवजा दिलाने की बात कही। खबर लिखे जाने तक स्थिति यथावत रही। बताया गया कि सड़क पर आए दिन बड़े वाहनों से दुर्घटनाए हो रही हैं। ट्रक एनटीपीसी में हो रहे भवन निर्माण के लिए टाइल्स लेकर जा रहा था। मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन पुत्री और एक पुत्र छोड़ गया है।