रामगढ़: पतरातु प्रखंड के हैसला पंचायत में गुरुवार को प्रशासन ने दूसरी बार अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। अभियान में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुलिस पुलिस बल शामिल रहे। सुबह तकरीबन 11 बजे जनता नगर में क्वार्टरों को खाली कराने की कवायद शुरू हुई। जिसका स्थानीय लोग पुरजोर विरोध करने लगे। पतरातू-रांची मुख्य  सड़क पर भीड़ जुट गई और टायर जलाकर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित करने का प्रयास किया गया। इस दौरान पहले बसाओ फिर उजाड़ो की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की गई। हालांकि प्रशासन ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए लोगों को समझाया और किसी तरह सड़क जाम हटवाया। 

इसके उपरांत क्वार्टरों को खाली करने का निर्देश दिया गया। जिसपर स्थानीय लोग विरोध जताने लगे। इस बीच कुछेक क्वार्टरों को खाली कराने का प्रयास भी किया गया। इस दौरान बहसबाजी के बीच काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही। विरोध प्रदर्शन के बीच शाम हो गई। जिसके बाद अधिकारी लौट गए। 

मामले पर अंचलाधिकारी पतरातू मनोज कुमार चौरसिया ने कहा कि जियाडा की जमीन को खाली कराया जा रहा है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी रंजीता टोप्पो, पतरातू प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, अंचलाधिकारी पतरातू मनोज कुमार चौरसिया, सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता सहित कई अधिकारी सदलबल शामिल रहे। 

By Admin

error: Content is protected !!