रामगढ़: खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में अभियान चलाकर तीन बसों से 120 किलो मिलावटी पनीर और 750 किलो मिलावटी खोवा जब्त किया गया है। साथ ही बस संचालकों पर 35 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मिलावटी खाद्य पदार्थों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री के नेतृत्व में एनएच 33 पर चुट्टूपालू स्थित पुनदाग टोल प्लाजा के पास रविवार की रात 02:00 बजे से सोमवार अहले सुबह तक अभियान चलाया गया। इस दौरान आरज़ू बस (JH 02 BB 3255), रेखा लग्जरी बस (JH 02 BB 6761) और भोजपुर क्लासिक (JH 01 DW 3942) पर लदा कुल 120 किलो नकली पनीर और 750 किलो खोवा जब्त किया गया।
बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के खाद्य सामग्रिया का परिवहन किए जाने के कारण 3 बसों पर कुल 35000 रुपए का जुर्माना लगाया गया। तीनों बसों पर मिलावटी खाद्य पदार्थ बिहार के पटना और छपरा से लाए जा रहे थे। अभियान में रामगढ़ पुलिस के जवान, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय के कर्मी और ड्रग निरीक्षक कार्यालय के कर्मी सहित अन्य शामिल थे।