कोडरमा: समर्पण, भारतीय जन उत्थान परिषद एवं आरएमआई की ओर से बेंदी पंचायत के ग्राम चोरही चट्टान में उन्नत कृषि एवं पशुपालन उत्पादकता विषय पर आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सोमवार को हुआ। प्रशिक्षण में विभिन्न गांवों से चयनित 30 किसानों ने भाग लिया।
प्रशिक्षक पंकज कुमार सिंह ने कहा कि कुदरत के बदलते स्वरूप में खेती और पशुपालन एक जोखिम भरा कार्य जरूर है, परंतु नई तकनीक को अपनाने से यह जोखिम भरा कार्य बिलकुल आसान हो जाता है। उन्होंने कृमि से बचाव, खेती की जुताई के तरीके, जैविक खाद्य बनाने की विधि एवं प्रयोग आदि की जानकारी दी। इसके अलावे प्लास्टिक मलची के उपयोग के तरीके, टपक सिंचाई की विधि, लैंड लेजर लेवलिंग, मिश्रित खेती, बीज का चुनाव एवं उपचार आदि विषयों पर भी जानकारी दी। उन्होंने कई कीटनाशक बनाने की विधि का डेमो भी दिखाया।
अवसर पर परियोजना उत्प्रेरक आलोक कुमार सिन्हा ने कहा कि यहां के लोग खेती पर कम, ढिबरा पर ज्यादा आश्रित है। इसे बदलने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि उन्नत कृषि एवं पशुपालन प्रशिक्षण किसानों के बीच एक उत्साहवर्धन का काम करती है और किसानों के बीच नई ऊर्जा का विकास करती है। हमारा उद्देश्य है कि गांव के हर एक किसान की उत्पादन बढ़े और उनकी आय में बढ़ोतरी हो।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से परियोजना कार्यकर्ता मनीष लहरी, निलेश यादव, शिवकुमार, राजेश कुमार, क्षेत्रीय कार्यकर्ता देवंती देवी सहित कई लोगों का सराहनीय भूमिका रही।