• रातू में सड़क जाम, तोड़फोड़, हत्याकांड के विरोध में बुलाया रांची बंद
• हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को दिया 12 घंटे का अल्टीमेटम
रांची: भाकपा नेता सुभाष मुंडा के हत्या के विरोध में आदिवासी संगठनों ने गुरुवार को रांची बंद बुलाया। हत्याकांड से आक्रोशित लोगों ने सुभाष मुंडा के पार्थिव शरीर के साथ रातू थाना क्षेत्र दलादली चौक पर सड़क जाम कर विरोध जताया। वहीं नगड़ी में गुमला-रांची मार्ग को जाम कर दिया। कई जगहों पर तोड़फोड़ की भी गई है। आक्रोशित लोगों ने पुलिस को 12 घंटे काक्ष अल्टीमेटम देते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी मांग करते हुए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बंद के दौरान कई सड़कों पर अगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया गया। दर्जन भर से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ भी किया गया। कई वाहन फूंक डाले गए। बंद के मद्देनजर जगह-जगह पुलिस और सुरक्षा बल के जवान तैनात रहे। विधि- व्यवस्था को लेकर पुलिस डटी रही।

बताते चलें कि बुधवार की रात रातू थाना क्षेत्र स्थित दलादली चौक पर अपराधियों ने भाकपा नेता सुभाष मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी। सुभाष मुंडा जमीन कारोबार से जुड़े बताए जाते हैं। वहीं हत्या के बाद बुधवार की देर रात तक लोगों ने दलादली चौक पर बवाल काटा। भारी संख्या में पुलिस बल उतारने के बाद आक्रोशित भीड़ पर काबू पाया जा सका।
गुरुवार की दोपहर बाद को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुभाष मुंडा का अंतिम संस्कार हुआ। शव यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। इस दौरान लोगों ने सुभाष मुंडा अमर रहे के नारे भी लगाए।
वहीं माकपा नेता सुभाष मुंडा हत्या के बाद एसएसपी किशोर कौशल ने नगड़ी थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो को सस्पेंड कर दिया है। रातू थाना में पदस्थापित एसआई रोहित कुमार को नगड़ी का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। एसएसपी कार्यलय से गुरुवार की सुबह आदेश जारी कर दिया गया है।
हत्याकांड को लेकर पुलिस ने एसआईटी का गठन किया है। पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।