लातेहार: जिला खेल स्टेडियम में शनिवार को तीरंदाजी प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत उद्घाटन हुआ। लातेहार विधायक बैद्यनाथ राम, मनिका विधायक, रामचंद्र सिंह और उपायुक्त भोर सिंह यादव ने नवनिर्मित तीरंदाज़ी प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत रूप से फीता काट कर एवं रिकर्व बॉ से तीर चला कर उदघाटन किया गया।
इस मौके पर लातेहार विधायक बैद्यनाथ राम ने कहा तीरंदाजी भारत देश की प्राचीन विद्या है। पौराणिक काल से लेकर आजादी की लड़ाई में तीर धनुष का उपयोग हुआ है। झारखण्ड के वीर स्वतंत्रता सेनानी तिलका मांझी, सिदो -कान्हू, नीलाम्बर-पीताम्बर ने अंग्रेजो के विरुद्ध तीर धनुष से ही युद्ध किया था। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ी तैयार करने के लिए लातेहार में आधुनिक रिकर्व बॉ एवं तीर की सुविधायुक्त तीरंदाज़ी प्रशिक्षण केंद्र का आज शुभारम्भ किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा तीरंदाजी, लातेहार जिले के लोगों की परंपरा एवं संस्कृति का हिस्सा है। लातेहार एवं महुआडांड़ में तीरंदाज़ी प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना किया जाना तीरंदाज़ी खेल को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की पुरानी संस्कृति को बरकरार रखने की दिशा में भी सराहनीय पहल है। हमारे जिले के खिलाड़ी तीरंदाज़ी खेल के क्षेत्र में ऊँचाईयों को हासिल करें।
वहीं उपायुक्त भोर सिंह यादव ने कहा झारखण्ड के खिलाड़ियों ने विश्व स्तर की तीरंदाज़ी प्रतिस्पर्धाओं में विजय का परचम लहराया है।महुआडांड़ एवं लातेहार में नवनिर्मित तीरंदाज़ी प्रशिक्षण केंद्र में अनुभवी तीरंदाजी प्रशिक्षकों के माध्यम से जिले के प्रतिभावान युवाओं को तराश कर प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।
बताया गया कि इस केन्द्र में नामांकन हेतु पंजीयन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला खेल पदाधिकारी के कार्यालय एवं अनुमंडल कार्यालय,लातेहार, अनुमंडल कार्यालय, महुआडांड़ में पहुंच कर अपना नामांकन करा सकते हैं। इस केन्द्र में शहर और ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले ऐसे छात्र-छात्राओं को तीरंदाजी का हुनर सिखाया जाएगा जो प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहते हैं।
मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी लातेहार रोशन कुमार, उप निदेशक पीटीआर ब्रजेश कांत जेना, अध्यक्ष नगर पंचायत लातेहार श्रीमती सीतामनी तिर्की, परियोजना निदेशक आईटीडीए विन्देश्वरी ततमा, अपर समाहर्ता आलोक शिकारी कच्छप, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।