आर्यभट्ट विज्ञान क्लब रंका ने मनाया राष्ट्रीय विज्ञान दिवस
गढ़वा: आर्यभट्ट विज्ञान क्लब रंका के द्वारा राजकीय कन्या मध्य विद्यालय रंका में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मंगलवार को मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के शिक्षिका कल्पना कुमारी, साधना सिन्हा, शिक्षक अजीत कुमार पांडेय, क्षितिज कंप्यूटर सेंटर के संचालक रामानुज कुमार, आर्यभट्ट विज्ञान क्लब के समन्वयक आलोक कुमार चौधरी, नेहरू युवा केन्द्र के स्वयंसेवक अमरेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित एवं सी. वी. रमन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया।
मौके पर क्लब के समन्वयक आलोक कुमार चौधरी ने कहा कि वर्तमान परिपेक्ष्य में छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच का होना बहुत जरूरी है क्योंकि इसके बिना हम सभी देश का विकास की कल्पना नहीं कर सकते। वहीं अंधविश्वास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हम सभी 21 वीं सदी में जी रहे है फिर भी अंधविश्वास जैसी घटनाओं का होना काफी चिंतनीय है। इसलिए समय की मांग है कि हम सभी सशक्त रूप से इन सभी बुराइयों का अंत करें।
क्षितिज कंप्यूटर सेंटर के निर्देशक रामानुज कुमार ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कंप्यूटर ज्ञान का भी होना बहुत जरूरी है क्योंकि वर्तमान का युग आधुनिक युग है। इसमें सभी कार्यों का निष्पादन डिजिटल रूप से किया जा रहा है । जिसमें तकनीकी ज्ञान का भूमिका महत्वपूर्ण है। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं को प्रगति के पथ पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
स्वयंसेवक अमरेन्द्र कुमार ने कहा कि अपनी प्रतिभा एवं क्षमता पर विश्वास करते हुए अपने लक्ष्य का निर्धारण करना चाहिए। वहीं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें प्रिया कुमारी, शिवम कुमार, मिनाक्षी कुमारी ने क्रमशः प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में सफल प्रतिभागियों को विद्यालय के शिक्षकों एवं अतिथियों के द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात नेहरू युवा केन्द्र के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक मोहित चौधरी, क्लब के योजना प्रभारी अविनाश कुमार, रौशन कुमार के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय से रंका मुख्य मार्ग से होते हुए प्रखण्ड मुख्यालय तक गया।
अवसर पर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रंका देवानन्द राम ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सभी का प्रयास बहुत सराहनीय है। मुझे आशा और उम्मीद है कि एक न एक दिन आप सभी का प्रयास जरूर रंग लाएगा।
मौके पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आलोक पाण्डेय, रौशन कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।