रांची: झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल के नेता बनाया गया है। प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को विधायक दल के नेता के चयन को लेकर नियुक्त पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मण की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक हुई। जिसमें विचार-विमर्श करते हुए बाबूलाल मरांडी को विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह मौजूद रहे।
वहीं विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विधायकों और सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास करूंगा। सदन के अंदर और बाहर अग्रणी पंक्ति में रहकर सभी को साथ लेकर चलने का काम करूंगा। राज्य की समस्याओं को लेकर हमारी लड़ाई जारी रहेगी और इसमें पार्टी के वरीय नेताओं का मार्गदर्शन भी मिलता रहेगा।