रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र के बनगड्डा में रविवार की रात सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई । मिली जानकारी के अनुसार रात नौ बजे के लगभग रामगढ़-पतरातू फोरलेन पर एक व्यक्ति बाइक जेएच 24एच 2508 पर भुरकुंडा से रामगढ़ की ओर जा रहा था। इस क्रम में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रेलिंग से जा टकराई। बाइक समेत सवार सड़क पर गिर गया। हादसे में व्यक्ति के चेहरे पर काफी गंभीर चोट आई।
वहीं दुर्घटना होते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की जानकारी पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एंबुलेंस से व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
इधर, दुर्घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कहा गया कि यहां काफी अरसे से दुर्घटनाएं होती आ रही है। प्रशासनिक अधिकारियों से सड़क पर ठोकर देने की मांग कई बार की गई, लेकिन ठोकर अबतक नहीं बनाया जा सका।