रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सौंदा बस्ती-सौंदा ‘डी’ मुख्य मार्ग पर शनिवार को दुर्घटना में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक तेजुवा महतो (45 वर्ष) पिता स्व. किशुन महतो रीवर साइड, चीफ हाउस पंचायत के दोमुहान कॉलोनी का रहनेवाला था।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार तेजुवा महतो शनिवार की सुबह स्प्लेंडर बाइक (JH 02 N 5249) पर अपनी बड़ी बेटी से मिलने उसके ससुराल बिंजा गया था। दोपहर में वापस घर लौटने के क्रम में सौंदा बस्ती के पारटांड़ मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में तेजुवा महतो को गंभीर अंदरुनी चोट लगी। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में ऑटो पर उसे सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसके मौत की पुष्टि कर दी।
मामले की जानकारी पर भुरकुंडा पुलिस अस्पताल पहुंची। वहीं सूचना पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने अग्रेत्तर कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्री छोड़ गया है। जबकि एक पुत्री विवाहित है।
पारटांड़ मोड़ है खतरनाक, ठोकर बनाए सीसीएल प्रबंधन : दयानंद प्रसाद
घटना को लेकर सौंदा बस्ती के पूर्व मुखिया दयानंद प्रसाद ने कहा है कि पारटांड़ मोड़ खतरनाक है। यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। दुर्घटना को कम करने के लिए मोड़ के दोनों तरफ ठोकर की सख्त जरूरत है। इसे लेकर पूर्व में सीसीएल बरका-सयाल प्रबंधन से मांग भी की गई थी। तकरीबन छह माह पूर्व सयाल परियोजना पदाधिकारी को भी इससे अवगत कराया गया था।