मामला बरकाकाना ओपी क्षेत्र के बंजारीनगर का, काले-लाल रंग की बाइक पर थे उच्चके
रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र के बंजारीनग में वृद्ध महिला के गले से सोने का चेन की छिनतई का मामला प्रकाश में आया है। घटना रविवार की सुबह छह बजे की बताई जाती है। मामले की सूचना दूरभाष पर बरकाकाना पुलिस को दी गई है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह तकरीबन छह बजे स्थानीय शत्रुघ्न कुमार की मां फूल कुमारी देवी किसी काम से अपने घर से बाहर निकली थी। इस दौरान संत फ्रांसिस स्कूल के पास एक बाइक पर मास्क लगाए दो युवक पास आए। बाइक पर पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और फूल कुमारी देवी के गले से चेन छीनने लगा। इस क्रम में उन्होंने मदद के लिए आवाज लगानी चाही तो युवक ने एक हाथ से उनका मुंह बंद कर दिया। चेन छीनने के बाद दोनों युवक बाइक पर सवार होकर भाग निकले।
भुक्तभोगी ने बताया कि दो उच्चके काले-लाल रंग की एक बाइक पर थे। दोनों ने मुंह ढंक रखा था, जबकि एक ने हेलमेट भी लगा रखा था। गले का चेन 17 ग्राम का था। मामले की सूचना बरकाकाना पुलिस को दी गई है।
इधर, घटना के बाद से स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर काफी रोष है। बताया जाता है कि विगत दिनों एक व्यक्ति के आवासीय परिसर से साइकिल की भी चोरी हुई है। इन दिनों बंजारीनगर और आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों का आनाजाना काफी हो रहा है। नशेड़ी युवा और किशोर भी अक्सर घूमते-फिरते देखे जा रहे हैं।