आक्रोशित लोगों ने सड़क किया जाम, प्रिंस रोड मोड़ पर हुआ हादसा
रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सयाल-उरीमारी मुख्य मार्ग पर रविवार को सड़क दुघर्टना में एक बाइक पर सवार दो युवकों में से एक की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को आनन-फानन में सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार उरीमारी ओपी क्षेत्र के रोहनगड़ा पिंडरा निवासी शिवनंदन मुर्मू पिता कतिलाल मांझी और सुरेश सोरेन पिता बिरसा मांझी हीरो डीलक्स बाइक (JH 02 U 5718) पर रेलीगढ़ा में आयोजित संथाली भाषा कार्यक्रम से वापस घर लौट रहे थे। इस क्रम में सयाल प्रिंस रोड मोड़ पर पीछे से आते हाइवा (JH 02 AG 1074) ने बाइक को टक्कर मारी दी। जिससे बाइक समेत दोनों युवक गिर गए। इस बीच विपरीत दिशा से आते कोयला लदा हाइवा (JH 10 BS 7036) ने शिवनंदन मुर्मू को रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में सुरेश सोरेन को गंभीर चोटें आई हैं। घटना रात तकरीबन 9:30 बजे की बताई जाती है।
इधर, सड़क दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया। मामले की सूचना पर भुरकुंडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। वहीं उरीमारी क्षेत्र के स्थानीय नेता राजू यादव और दसई मांझी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। खबर लिखे जाने तक शव का उठाव नहीं हो सका और सड़क जाम की स्थिति बनी रही।