हजारीबाग: भारतीय जनता पार्टी के वरीय नेता, उत्कृष्ट कवि और देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती हज़ारीबाग के सांसद सेवा कार्यालय सभागार में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। अवसर पर सर्वप्रथम सांसद मनीष जायसवाल ने वाजपेयी जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया।
अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने अटल बिहारी वाजपेयी के विराट व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी भारत माता के सच्चे सपूत थे। वे सिर्फ एक जननायक, उत्कृष्ट लेखक और प्रसिद्ध राजनेता ही नहीं थे, बल्कि वह एक ऐसे महान व्यक्तित्व थे, जिन्हें भारत के सर्वोच्च सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया गया। उनका जीवन और उनकी कार्यशैली वर्तमान समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत है।
सांसद जायसवाल ने आगे कहा कि अटल जी का सरल, सहज और बेदाग़ व्यक्तित्व उनकी बेमिसाल वाक्पटुता और उनके द्वारा लिए गए राष्ट्रहित के निर्णय सदैव याद रखे जाएंगे। उनके कार्यकाल में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ। उपस्थित सभी लोगों ने अटल जी के बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
मौके पर विशेषरूप से हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, सांसद प्रतिनिधि विनोद झुनझुनवाला, राजीव जायसवाल, द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह, अजय साहू, किशोरी राणा, रेणुका कुमारी, दामोदर प्रसाद, अनूप कुमार, भाजपा नेता अनिल मिश्रा, जयनारायण, रणधीर पांडेय, विजय वर्मा, जितेंद्र कुमार साहू, बीरेंद्र कुमार बीरू, लब्बू गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे ।
