रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संजय सेठ ने गुरुवार को रांची लोकसभा सीट से नामांकन किया। रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के कार्यालय में उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, नेता प्रतिपक्ष झारखंड अमर कुमार बाउरी, आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, जदयू के खीरू महतो मौजूद रहे।

वहीं नामांकन के पूर्व मोरहाबादी में चुनावी सभा का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की काफी भीड़ रही। मंच से नेताओं ने संजय सेठ को रिकॉर्ड तोड़ मतों से विजयी बनाने की अपील की।

सभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह चुनावी सभा नहीं, बल्कि महामेला लगा हुआ प्रतीत हो रहा है। मुझे यकीन है कि सांसद संजय सेठ को पिछले चुनाव से इस बार कई ज्यादा वोट मिलेंगे। कहा कि उत्तराखंड और झारखंड दोनों राज्यों का एकसाथ गठन हुआ था। लेकिन यहां के दुर्गम क्षेत्रों का विकास नहीं हो सका था। भाजपा ने हर जगह विकास पहुंचाने का काम किया है।  भाजपा की सरकार आदिवासी और वंचित समाज के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। जबकि 2014 से पहले ऐसा नहीं था। आज आदिवासी मूल की द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं। देश मजबूत हाथों में है। उन्होंने कहा कि झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाना है। भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण से देश को मुक्ति दिलानी है।

By Admin

error: Content is protected !!