रामगढ़: भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्मशताब्दी पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में रामगढ़ जिले में भाजपा आगामी 15 फरवरी से 15 मार्च तक अटल विरासत सम्मेलन का आयोजन करेगी। इसकी जानकारी भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला के द्वारा गुरुवार को शहर के होटल शिवम इन में प्रेसवार्ता कर दी गई। प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र कुशवाहा मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, भीमसेन चौहान नगर मीडिया प्रभारी कुणाल दास उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता ने बताया कि यह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। बीते 25 दिसंबर को भाजपा ने उनकी जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई। अवसर पर बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर कई कार्यक्रम हुए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार 14 जनवरी से 15 मार्च 2025 तक अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। 14 जनवरी से 14 फरवरी 2025 तक अटल स्मृति संकलन और संपर्क अभियान जिला और मंडल स्तर पर हो रहा है। वहीं 15 फरवरी से 15 मार्च 2025 तक अटल विरासत सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें रामगढ़ जिला के प्रबुद्ध और विशिष्टजन के साथ अटल बिहारी वाजपेई के व्यक्तित्व और उनके विचारों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर पुस्तकें और लेख लिखने वालों को सम्मानित करने, संकलित सामग्री का डिजिटल प्रस्तुतीकरण करने सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।