पुलिस ने की पानी की बौछार, आंसू गैस के गोले भी दागे
• सचिवालय घेरने निकली भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़
• राजधानी में कई जगह अफरातफरी का माहौल
रांची: भारतीय जनता पार्टी के द्वारा मंगलवार को सचिवालय घेराव कार्यक्रम किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ राजधानी में उमड़ी। सचिवालय घेराव से पूर्व प्रभात तारा मैदान में झारखंड भाजपा के वरीय नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सचिवालय घेराव के लिए कूच करने का आव्हान किया। यहां से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ सचिवालय घेराव करने निकले।
सचिवालय घेराव कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद संजय सेठ, सांसद निशीकांत दूबे, सांसद बीडी राम, सांसद सुनील सिंह, सांसद विधुत वरण महतो, विधायक जेपी पटेल, राज सिन्हा, बिरंची नारायण, रांची मेयर आशा लकड़ा पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय सहित अन्य शामिल रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज
सचिवालय का घेराव करने जा रही भाजपा कार्रकर्ताओं की भीड़ को पुलिस ने जगह-जगह रोकने का कोशिश किया। इस दौरान धुर्वा गोल चक्कर के पास भीड़ पर वाटर कैनन की बौछार की गई है। आंसू गैस के गोले भी दागे गये है। इस दौरान भीड़ पर पुलिस ने जमकर लाठियां भी भांजी। जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं।
कई नेता कार्यकर्ता पुलिस की हिरासत में
वहीं सचिवालय का घेराव करने जा रहे कई भाजपाईयों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। सांसद संजय सेठ, सांसद समीर उरांव, सांसद सुनील सिंह, विधायक विरंची नारायण कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लिए गये। वहीं सचिवालय घेराव के लिए रोके जाने पर भाजपा के नेताओं ने सड़क पर बैठ कर सरकार और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। खबर लिखे जाने तक अफरातफरी का माहौल बना हुआ है।