• रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव को लेकर भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन
रामगढ़: भ्रष्टाचारी कांग्रेस और भ्रष्टाचारी झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी राज्य की खनिज और प्राकृतिक संपदा को लूटने का काम कर रही है। भाजपा देश और जनता की सेवा करने में विश्वास रखती है। इसलिए रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव में सभी राष्ट्र विरोधी शक्तियां, धर्मांतरण करानेवाली शक्तियां, झारखंड के लोगों को शराब के नशे में डूबोनेवाली शक्तियां एक मात्र एनडीए के उम्मीदवार को हराने के लिए एकजुट हो गई हैं। लोगों में नफरत फैलाया जा रहा है। यह बातें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने गुरुवार को रामगढ़ में कही।
रघुवर दास रामगढ़ विधानसभा उप चुनाव के तहत पटेल छात्रावास में आयोजित रामगढ़ कैंट मंडल के पन्ना प्रमुख और बूथ प्रमुख चुनावी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में बतौर विशिष्ठ अतिथि केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, गिरीडीह के आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, राज्य सभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू, विधायक राज सिन्हा, प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार, पूर्व बीस सूत्री उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद सहित अन्य मौजूद रहे। इससे पूर्व अतिथियों के आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। अंगवस्त्र और पुष्प गुच्छ देकर अतिथियों का अभिनंदन किया। सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिव कुमार ने की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि- संगठन को जो भी मजबूती मिलती है वो बूथ के कार्रकर्ताओं के कारण ही मिलती है। बूथ के कार्यकर्ता ही पार्टी की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाते हैं और जोड़े रखते है। प्रधानमंत्री मोदी जी का आव्हान है, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आव्हान है और लौह पुरूष गृहमंत्री अमित शाह का आव्हान है कि पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति को मजबूत कर भाजपा को एक-दो साल तक नहीं बल्कि अभी 50 साल तक शासन और सेवा करना है। हमें सिर्फ रामगढ़ उप चुनाव ही नहीं बल्कि इसके साथ ही आने वाले लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव जीतना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस-झामुमो-राजद वोट बैंक और सांप्रदाय विशेष की राजनीति करती है। वोट बैंक के लिए समाज को तोड़ने का काम कर रही है भ्रष्टाचारी कांग्रेस और भ्रष्टाचारी झारखंड मुद्रा मोचन पार्टी राज्य की खनिज और प्राकृतिक संपदा का लूटने का काम कर रही है। झारखंड में वर्षों से जो लोग आपस में मिलजुल कर रह रहे हैं उनमें नफरत फैलाया जा रहा है।
कहा कि रामगढ़ की जनता को कांग्रेस-झामुमो से पूछना चाहिए की तीन साल में कितना काम हुआ है। बेरोजगारों को नौकरी और बेरोजगारी भत्ते का क्या हुआ।
रघुवर दास ने कहा कि हमारी भाजपा की सरकार ने जो भी कल्याणकारी योजनाएं शुरू की थी, इस सरकार के बनते ही बंद कर दी गई। माताओं और बहनों के एक रूपये में जमीन रजिस्ट्री होती थी, उसे बंद कर दिया। बच्चों के लिए रेडी टू ईट मध्याह्न भोजन का काम सखी मंडल को दिया था, इन्होंने सखी मंडल से छीन दिल्ली के ठेकेदारों को दे दिया।
वहीं उन्होंने कहा कि विनोद बिहारी यूनिवर्सिटी भाजपा के शासन में खुला, देश का चौथा और झारखंड का पहला महिला कॉलेज रामगढ़ में एनडीए की सरकार में खुला। इन्होंने क्या किया ये कांग्रेस-झामुमो से जरूर पूछा जाना चाहिए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि मतदान में सिर्फ तीन दिन रह गया है। चुनाव में हरेक वोट कीमती है। बूथ कार्यकर्ता हर घर से मतदान सुनिश्चित करायें। एनडीए उम्मीदवार सुनीता चौधरी की जीत सुनिश्चित करें। कहा कि, झारखंड में एक ही परिवार की लूट खसोट की सरकार चल रही है। इस उप चुनाव में ठगबंधन के उम्मीदवार की जमानत जब्त कराये।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अन्य अतिथियों ने एनडीए उम्मीदवार आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ कार्यकर्ताओं को दिशानिर्देश दिये। अवसर पर रामगढ़ कैंट मंडल के सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।