पुलिस के नोटिस पर पूछताछ के लिए धुर्वा थाना पहुंचे भाजपाई
रांंची: सचिवालय घेराव से संबंधित मामले में 41-A के नोटिस पर शनिवार कई भाजपा नेता पूछताछ के लिए धुर्वा थाना पहुंचे। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह,नवीन जायसवाल, समरी लाल और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक शामिल थे।
मामले पर प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार अपने खिलाफ बोलने वालों का दमन करना चाह रही है। हेमंत सरकार दमन का हर तरीका अपना रही है। इस सरकार ने तानाशाही की पराकाष्ठा पार कर दी है।
कहा कि लोकतंत्र में सशक्त विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से जनभावनाओं को उजागर करने, सरकार की विफलताओं,नाकामियों पर बोलने का संवैधानिक अधिकार है। लेकिन यह सरकार केवल अपनी जिद और हठधर्मिता के साथ शासन चलाना चाहती है। इनके ही वायदे इन्हे याद कराने पर आज बेरोजगार युवा, बेकसूर महिलाएं, आदिवासी, दलित, किसान, मजदूर सभी हेमंत सरकार की नज़रों में अपराधी बन गये हैं।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की नजर में खनिज लूटना, आदिवासियों की जमीन हड़पना, पंचायत से मंत्रालय तक भ्रष्टाचार करना अपराध नहीं है। जो लोकतांत्रिक तरीकें से इसका विरोध करेगा वो अपराधी बना दिया जाएगा।
कहा कि बीते 11 अप्रैल को हेमंत हटाओ झारखंड बचाओ अभियान के तहत सचिवालय घेराव कार्यक्रम हुआ। पूरे प्रदेश से न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता बल्कि आम लोग भी शामिल थे। राज्य सरकार ने आंदोलनकारियों पर लाठी बरसाया, आंसू गैस के गोले दागे और संगीन धाराओं के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया है।
दीपक प्रकाश ने कहा कि यदि राज्य हित में जनभावनाओं के अनुरूप आंदोलन करना अपराध है तो भाजपा यह अपराध बार बार करती रहेगी। सरकार यदि इसके लिए अपराधी मानती है तो हमें गिरफ्तार करना चाहिए।कहा कि, आगामी चुनाव में जनता हेमंत सरकार को करारा जवाब देगी।