भ्रष्टाचार में डूबी हेमंत सरकार, भ्रष्टाचारियों को दे रही समर्थन: बाबूलाल
दुमका: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को संकल्प यात्रा के तहत दुमका में जनसभा सभा की। कार्यक्रम स्थल पर उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झामुमो सत्ता में है। प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की बजाय जो विधि के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं उनपर प्राथमिकी दर्ज करे। जिन्होंने अपराध किया है उनपर एफआईआर कराए, जो भ्रष्टाचार में लिप्त है उनकी संपत्ति जब्त कराए।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी है। साढ़े तीन साल में सरकार ने राज्य के लिए कौन से काम किए हैं, वो बताएं। सरकार को राज्य की नहीं, बल्कि परिवार के विकास की चिंता है। कहा कि संथाल की धरती को भाजपा ने विकास से जोड़ा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने संथाली भाषा को 8वीं अनुसूचि में शामिल कराया। आदिवासी मंत्रालय बनाया और गांव-गांव को सड़क से जोड़ा।आज नरेंद्र मोदी सरकार ने दुमका में मेडिकल कालेज दिया,देवघर में एम्स स्थापित किए,देवघर में हवाई अड्डा बनाया। दुमका और गोड्डा को रेलवे लाइन से जोड़ा।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में राज्य में जो विकास दिख रहा वह भाजपा सरकार की देन है। झामुमो ने तो अलग राज्य आंदोलन को भी बेचकर नरसिम्हा राव सरकार से पैसा ले लिया। जिसके कारण शिबू सोरेन को तिहाड़ जेल भी जाना पड़ा। हेमंत सोरेन परिवार खुद भ्रष्टाचार में डूबा है और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण भी दे रहा है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को बताना चाहिए कि इतनी संपत्ति कहां से अर्जित की है। ईडी पूछ रही है, लेकिन ये भयभीत हैं।सुप्रीम कोर्ट जा रहे और महंगे वकीलों से पैरवी करा रहे।
उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी और भ्रष्टाचारी बेलगाम हैं। बिना पैसे आम आदमी का काम नहीं हो रहा है। मोदी सरकार द्वारा भेजे जा रहे अनाज की कालाबाजारी हो रही है। आए दिन हत्या, बलात्कार और लूट की घटनाएं हो रही हैं और राज्य की पुलिस वसूली में लगी हुई है। <span;>आज अपराधियों पर मुकदमे नही होते बल्कि अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलने वालों पर मुकदमे दर्ज होते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास और भय,भूख भ्रष्टाचार मुक्त देश और प्रदेश के लिए भाजपा को समर्थन देना होगा। 2024 में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनाने और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेना होगा। आज की सभा में सांसद सुनील सोरेन, पूर्व मंत्री लुइस मरांडी, प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, जिलाध्यक्ष परितोष सोरेन, निवास मंडल, सत्येंद्र सिंह सहित कई उपस्थित रहे।