रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा, पुलिस की रहेगी सहभागिता : एसपी 

हजारीबाग: आगामी 13 अप्रैल को हजारीबाग यूथ विंग द्वारा आगामी भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसे लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कक्ष में शिविर का पोस्टर लॉन्च किया गया। अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक के द्वारा रक्तदान शिविर के पोस्टर का विधिवत लोकार्पण किया गया। वहीं आयोजन की सफलता को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रक्तदान मानवता की बड़ी सेवा है। रक्तदान से जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिलता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रक्तदान शिविर में हजारीबाग पुलिस  बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाएगी और इस आयोजन को सफल बनाने में हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

वहीं हजारीबाग यूथ विंग के पदाधिकारियों पुलिस अधीक्षक को बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान 221 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था, जबकि वर्ष 2024 में 130 यूनिट रक्त संग्रह किया गया था। इन सफल आयोजनों से प्रेरित होकर इस वर्ष और भी बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। बताया गया कि इस वर्ष रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को हेलमेट देकर सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य रक्तदान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक करना है, ताकि लोग सुरक्षित जीवन जीने के लिए यातायात नियमों का पालन करें। 

संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि संस्था पिछले कई वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रही है। इस वर्ष का रक्तदान शिविर और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य अधिक से अधिक रक्त संग्रह कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना है, ताकि किसी भी व्यक्ति को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े। 

अवसर पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खण्डेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडेय, संस्था मार्दर्शक जय प्रकाश खण्डेलवाल, संजय कुमार, डॉ बी वेंकटेश, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन,राजेश जैन, पत्रकार सागर कुमार एवं सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

By Admin

error: Content is protected !!