चंदवा/लातेहार: चंदवा थाना अंतर्गत हिसरी गांव के निकट रांची-चतरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दंपती को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में बाइक सवार पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की चंदवा प्रखंड अंतर्गत माल्हन पंचायत के केकराही गांव निवासी विजय गंझू पिता कारी गंझू के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार विजय गंझू अपने ससुराल गोगिया (बारियातू) से पत्नी प्रमिला देवी को साथ लेकर बाइक पर अपने घर केकराही लौट रहे थे। इस क्रम में हिसरी गांव के निकट एक तेज रफ्तार बोलेरो (JH 17 M 3355) ने बाइक को चपेट में ले लिया।

दुर्घटना में विजय गंझू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जबकि प्रमिला देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बोलेरो को जब्त कर पुलिस अग्रेत्तर कार्रवाई में जुट गई है।

By Admin

error: Content is protected !!