अधिकारियों संग की बैठक, दिए दिशा-निर्देश 

रामगढ़: झारखंड राज्य खाद्य आयोग की प्रभारी अध्यक्ष सह सदस्या शबनम परवीन ने रामगढ़ जिले का दौरा किया। अवसर पर उन्होंने परिसदन भवन, रामगढ़ में अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों, सभी मार्केटिंग पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके साथ ही उन्होंने दौरे क्रम में कई राशन दुकान, विद्यालय, आंगनबाड़ी का निरीक्षण किया और दिशा-निर्देश दिए।

परिसदन में आयोजित बैठक में प्रभारी अध्यक्ष ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं प्रखंड स्तर पर प्राप्त आकस्मिक खाद्यान्न कोष की समीक्षा करते हुए अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली गई। इस क्रम में उन्होंने जरूरतमंदों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने झारखंड राज्य खाद्य आयोग को रामगढ़ जिले से संबंधित प्राप्त शिकायतों के आलोक में जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर बल देते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए।

इस दौरान आयोग में दर्ज लंबित शिकायतों की प्रति संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने एवं कृत कार्रवाई से आयोग को सूचित करने का निर्देश दिया गया।
प्रभारी अध्यक्ष द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के बीच अंडा वितरण में अनियमितता बरतने पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के समक्ष नाराजगी व्यक्त की गई। निर्देश दिया गया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को प्रतिदिन अंडा मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्हें जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान जानकारी मिली कि जिले में निगरानी समिति गठित है, किन्तु समिति की बैठक नहीं होती है। प्रभारी अध्यक्ष द्वारा उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निगरानी समिति की बैठक समय समय पर करें एवं उस बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से संबंधित मामलों का निपटारा करें।

प्रभारी अध्यक्ष द्वारा झारखंड राज्य आकस्मिक खाद्यान्न कोष के विषय पर चर्चा की गई। कहा गया कि वैसे असहाय, निर्धन व्यक्ति जो अपने संसाधन से भोजन की व्यवस्था नहीं कर सकते हैं और उनके समक्ष भोजन का संकट हो, तो उन्हें आकस्मिक खाद्यान्न कोष से बाजार दर पर 10 किलोग्राम राशन उपलब्ध कराने का प्रावधान सरकार द्वारा किया गया है। इस कोष के तहत सभी पंचायतों को 10 हजार की राशि उपलब्ध कराई जाती है। यह कभी खत्म नहीं होने वाली राशि है। राशि खत्म होने पर इसकी मांग की जाए, पुनः 10 हजार की राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।

प्रभारी अध्यक्ष द्वारा उपस्थित सभी बीडीओ को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी पंचायतों में 10 हजार की राशि उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित करें। प्रभारी अध्यक्ष द्वारा उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मृत व्यक्ति या अयोग्य व्यक्तियों की पहचान कर उनका राशन कार्ड से नाम हटाएं और योग्य लाभुकों का नाम राशन कार्ड में जोड़ें।

बैठक में अपर समाहर्ता सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अंचल अधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By Admin

error: Content is protected !!