रांची में नये मेडिकल कॉलेज की स्थापना करेगी राज्य सरकार: मुख्यमंत्री
रांची: राजधानी रांची में जल्द ही एक नये मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। जहां विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। चिकित्सकों की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा। यह बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज आई.पी.एच. प्रेक्षागृह नामकुम में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित 206 एंबुलेंस का लोकार्पण एवं 38 नव नियुक्त दन्त चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का लोकार्पण एवं उद्घाटन समारोह में कही।
अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 206 नये एंबुलेंस का लोकार्पण किया गया। बताया जाता है कि पहले से राज्य में 337 एंबुलेंस का संचालन सरकार द्वारा किया जा रहा है। अब राज्य में एंबुलेंस की संख्या बढ़कर 543 हो गई है।
वहीं समारोह में मुख्यमंत्री ने रिजनल ब्लड ट्रान्समिशन सेंटर, नागरमल मोदी सेवा सदन का उद्घाटन एवं ब्लड स्टोरेज केन्द्रों का उद्घाटन किया। इस मौके पर 5 MMU के संचालन एवं अन्य चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में Smile Foundation के साथ MOU हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ममता वाहन ऐप, आयुष्मान एप तथा मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना हेतु स्वास्थ्य ज्योति ऐप का लोकार्पण भी किया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने 38 दंत चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र दिया। वहीं उन्होंने आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत राज्य में बेहतर काम करने वाले 84 चिकित्सकों एवं राज्य के कई विभिन्न अस्पताल प्रबंधन को सम्मानित किया। इनमें निजी अस्पताल, सरकारी अस्पताल समेत NHM के चिकित्सक शामिल रहे।
अवसर पर मनिका विधायक राम चंद्र सिंह, खिजरी विधायक राजेश कच्छप, विकास आयुक्त-सह- अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना डाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, अभियान निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन आलोक त्रिवेदी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं चिकित्सक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।