गिरिडीह: बेंगाबाद में बुधवार को अफरोज होंडा सर्विस सेंटर में छापेमारी कर धावा दल ने एक बाल मजदूर को मुक्त कराया। जिसे आगे की कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया।अभियान का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन अधिकारी बेंगाबाद सदानंद कुमार ने किया।
मिली जानकारी के अनुसार टीम ने सूचना के आधार पर सर्विस सेंटर में छापेमारी की गई। जहां एक नाबालिग बच्चे से काम कराया जा रहा था। जिसके बाद उसे तुरंत वहां से मुक्त कराया गया। रेस्क्यू के बाद बच्चे को आवश्यक देखभाल और अग्रेतर कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से बच्चे के पुनर्वास और आगे की सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अभियान में बनवासी विकास आश्रम गिरिडीह की टीम ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था की ओर से उत्तम कुमार (कार्यक्रम समन्वयक), उज्जवल मिश्रा, रूपा कुमारी, उत्तम कुमार सिंह (सामुदायिक कार्यकर्ता) सहित अन्य सदस्यों का योगदान रहा। टीम के सदस्यों ने बताया कि बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित बचपन मिलना उनका अधिकार है, इसलिए समाज के सभी लोगों को बाल श्रम के खिलाफ आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
अभियान के दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को भी जागरूक करते हुए बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कराना कानूनन अपराध है। यदि कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण और शिक्षा का अधिकार मिल सके।
