राज्य सरकार दिवंगत कर्मियों के परिजनों के साथ सदैव खड़ी रहेगी: हेमंत सोरेन
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को विभिन्न दुर्घटना में दिवंगत राज्य सरकार के तीन कर्मियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। झारखंड विधानसभा में दिवंगत कर्मियों में कांस्टेबल स्व. अजीत कुमार (जिला पुलिस बल गुमला), आरक्षी स्व. अनिल कुमार झा (जिला पुलिस बल सरायकेला) और शिक्षक स्व. सुशील कुमार मरांडी (राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित) जिला जामताड़ा के परिजनों को चेक प्रदान किया गया।
मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार में सेवारत वैसे कर्मी जो सेवा में रहते हुए किसी भी दुर्घटना में दिवंगत हुए हैं उनके परिजनों के साथ हमारी सरकार सदैव खड़ी है। दिवंगत कर्मियों के परिजनों को ससम्मान उनका पूरा हक-अधिकार देने का कार्य किया जा रहा है, इसी कड़ी में आज राज्य सरकार के तीन दिवंगत कर्मियों के आश्रितों को 1-1 करोड़ रुपए की राशि का चेक सम्मानपूर्वक प्रदान किया गया है।
इस दौरान दिवंगत कर्मियों के परिजनों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया। दिवंगत कर्मियों के आश्रितों ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयास से आज स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की विशेष बीमा कवरेज योजना के अंतर्गत हम सभी आश्रित परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए राशि का आकस्मिक लाभ प्रदान किया गया है। इस राशि के प्राप्त होने से परिवार का भरण-पोषण एवं बच्चों की पढ़ाई में काफी मदद मिलेगी।
अवसर पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के झारखंड हेड सह महाप्रबंधक विवेक चंद्र जायसवाल, उप महाप्रबंधक प्रशासनिक कार्यालय रांची मनोज कुमार तथा मुख्य प्रबंधक विकास कुमार पांडेय सहित अन्य उपस्थित रहे।