पलामू: प्रमंडलीय आयुक्त मनोज जायसवाल ने शुक्रवार को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज, पलामू का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त ने कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, नामांकित विद्यार्थियों, प्राध्यापकों की नियुक्ति एवं मेडिकल विद्यार्थियों मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं को जाना। वहीं आयुक्त ने प्राचार्य की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रभारी प्राचार्य-सह-फिजियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल प्रकाश, प्राध्यापकों एवं कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, प्रैक्टिकल, छात्र-छात्राओं को रहने के लिए हॉस्टल, कैंटिन, अन्य आवश्यक उपकरण एवं आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की जानकारी ली।

वहीं उन्होंने मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल निर्माण कार्य में गति लाकर काम पूर्ण करने का निदेश दिया। मेडिकल कॉलेज से अस्पताल की दूरी को देखते हुए छात्र-छात्राओं को अस्पताल आने-जाने हेतु एक बस की सुविधा को बढ़ाते हुए तत्काल कम-से-कम एक और बस की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निदेश दिया।

आयुक्त ने कहा कि मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज राज्य के बड़े अस्पतालों के अनुरूप है। पलामू में मेडिकल कॉलेज होना गर्व की बात है। यहां चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध होने से पलामू प्रमंडल के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

विद्यार्थियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि उन्हें प्रैक्टिकल के लिए कैडेवर (मृत शरीर) उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे उन्हें प्रैक्टिकल करने में असुविधा होती है। प्राध्यापकों ने आयुक्त को बताया कि लावारिस मृत शरीर, जिसे प्रशासन द्वारा संस्कार कर दिया जाता हो, वैसे शरीर मेडिकल कॉलेज को उपलब्ध करा दिया जाए, तो उसे यहां सुरक्षित रखते हुए विघार्थियों को प्रैक्टिकल कराने में भी सहुलियत होगी।‌ आयुक्त ने इस संबंध में संबंधित विभागों से बात कर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिया। वहीं कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने पुलिस बलों की तैनाती और पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया।

By Admin

error: Content is protected !!