रामगढ़: कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो ने रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में नामांकन के अंतिम दिन मंगलवार को नामांकन कराया। इससे पूर्व रजरप्पा में मां छिन्नमस्तिका के दरबार में मत्था बजरंग महतो समर्थकों के भारी हुजूम के साथ नामांकन कराने रामगढ़ अनुमंडल कार्यालय पहुंचे।
नामांकन में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, सांसद गीता कोड़़ा, सूबे के मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बन्ना गुप्ता, विधायक जोबा मांझी, विधायक सविता महतो, विधायक अंबा प्रसाद, बरही विधायक उमाशंकर अकेला, राज्य समन्वय समिति के दर्जा प्राप्त मंत्री योगेंद्र महतो, फागू बेसरा, सहित यूपीए के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं नामांकन के बाद बजरंग महतो के पक्ष में यूपीए गठबंधन ने चुनावी सभा का आयोजन किया। जहां बजरंग महतो के पक्ष में नेताओं ने वोट अपील की।
कांग्रेस और आजसू के बीच टक्कर की चर्चा
उप चुनाव में कई प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। 20 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन वापसी और स्क्रूटनी के बाद मैदान में दावेदार ताल ठोकेंगे। हालांकि कांग्रेस और आजसू उम्मीदवार में जबरदस्त चुनावी टक्कर होने की चर्चा हो रही है।
जहां आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी के नामंकन में एनडीए गठबंधन के कई नेता उतरे और कार्यकर्ताओं को भीड़ रही। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी बजरंग महतो के नामांकन में उमड़ी भीड़ ने साबित कर दिया कि टक्कर कांटे की होनेवाली है। जहां एनडीए नेता सुनीता देवी के पति सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के 15 साल के विकास कार्यों को लेकर जनमत मिलने की उम्मीद लगा रहे, वहीं यूपीए पूर्व विधायक ममता देवी को साजिश में फंसाये जाने की बात कहते हुए उनके पति बजरंग महतो को जीताने की अपील कर रही है।
बताते चलें कि 15 वर्ष चंद्रप्रकाश चौधरी रामगढ़ विधानसभा से विधायक रहे और 2019 में गिरीडीह लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर सांसद बन गये। वहीं पिछले विधानसभा चुनाव में आजसू ने रामगढ़ विधानसभा से चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी को उम्मीदवार बनाया। वहीं जिप सदस्य रही ममता देवी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ीं और आजसू प्रत्याशी सुनीता चौधरी को पराजित कर दिया।
हालांकि पिछले विधानसभा में आजसू और भाजपा ने अलग अलग चुनाव लड़ा था। इसबार एनडीए एक साथ है। वहीं जिला परिषद सदस्य से सीधे कांग्रेस की विधायक बनने के बाद ममता देवी का कद भी काफी बढ़ गया है। इसलिए रामगढ़ उप चुनाव काफी रोमांचक होता दिख रहा है।