गिरिडीह: जिले के देवरी प्रखंड अंतर्गत घोसे पंचायत भवन में रविवार कोस्वास्थ्य परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। नई दिशा संस्था और ऑपरेशन स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में जन्मजात कटे होंठ और तालू से पीड़ित बच्चों और अन्य आयु वर्ग के लोगों को उपचार हेतु परामर्श दिया गया।
अवसर पर स्थानीय मुखिया संगम यादव ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सुविधा का लाभ उठाएं और अपने बच्चों का समय पर इलाज कराएं। वहीं नई दिशा संस्था के सचिव शंकर लाल राणा ने बताया कि ऑपरेशन स्माइल के सहयोग से चयनित मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा, जिससे वे सामान्य जीवन जी सकें।
इस दौरान परामर्शदाता चंद्रकांता दत्ता ने बताया कि जन्मजात कटे होंठ एवं तालू की समस्या का सफल ऑपरेशन संभव है और सही समय पर उपचार मिलने से बच्चों का जीवन सामान्य हो सकता है। उन्होंने अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा कि इस समस्या को छिपाने के बजाय इलाज कराना जरूरी है। साथ हीं ऑपरेशन की प्रक्रिया, समय और आवश्यक तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। इस पहल से क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जो महंगे इलाज के कारण अब तक अपने बच्चों का उपचार नहीं करा पा रहे थे।
शिविर में परियोजना समन्वयक कृपालु पाण्डेय, चिंतामणि यादव, मो. खलिल अंसारी, विनिता देवी, काजल देवी, मुन्ना कुमार यादव सहित अन्य मौजूद थे।
