राहुल दुबे गैंग ने दिया घटना को अंजाम 

रामगढ़: जिले का पतरातू औद्योगिक क्षेत्र इन दिनों कुख्यात राहुल दुबे गैंग के निशाने पर है। अपराधी आए दिन लेवी के लिए फायरिंग कर दहशत फैला रहे हैं। ताजा मामला पतरातू इंडस्ट्रियल एरिया स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री का है। जानकारी के अनुसार बीती रात बाइक सवार अपराधियों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ आठ राउंड फायरिंग कर भाग निकले। पुलिस ने भी मामले की पुष्टि की है। जबकि दूसरे दिन रविवार को मुख्य गेट पर पड़े गोली के निशान पर पेंट किया गया। बताया जाता है कि फायरिंग की जिम्मेदारी फिर एकबार राहुल दुबे गैंग ने ली है। घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। 

बताते चलें कि बीते चार अप्रैल को राहुल दुबे गैंग के बाइक सवार अपराधियों ने ओसम दूध फैक्ट्री की गेट पर फायरिंग किया। इसके कुछ दिनों पहले पतरातू में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में लगी एमजीसीपीएल कंपनी के बेस कैंप पर फायरिंग की गई थी। जिसमें निजी सुरक्षा कर्मी को गोली लगी थी। हालांकि पुलिस ने एमजीसीपीएल कंपनी के बेस कैंप पर फायरिंग की घटना में संलिप्त सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। वहीं भुरकुंडा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंग का एक सक्रिय सदस्य भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर एक के बाद दूसरी वारदात को अंजाम दे जा रहे हैं। 

अपराधियों का मनोबल बढ़ा, पुलिस-प्रशासन विफल : रोशन लाल चौधरी 

पतरातू में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर रविवार को प्रेस बयान जारी कर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि पतरातू में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं यह दर्शाती हैं कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह से विफल है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। विधायक ने अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री और इससे पूर्व हुई फायरिंग की घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह घटनाएं क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और यहां संचालित उद्योगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। 

वहीं उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश जाकर झारखंड में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राज्य में संचालित कल-कारखानों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। ऐसी स्थिति में निवेशकों का भरोसा कायम रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

विधायक ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पतरातू में हुई सभी आपराधिक घटनाओं की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता और उद्योग जगत दोनों में सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।

 

 

By Admin

error: Content is protected !!