रामगढ़: भुरकुंडा सहित आसपास के क्षेत्र में सावन माह की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों की बड़ी भीड़ उमड़ी। भुरकुंडा के प्राचीन बुढ़वा महादेव मंदिर में अहले सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। हर हर महादेव के उद्घोष के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक शुरू हुआ। शिवभक्तों की कतार में हर उम्र के महिला-पुरूष श्रद्धालु शामिल रहे। देर शाम तक श्रद्धालु जलाभिषेक करते देखे गए। मंदिर परिसर में व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर समिति के गणेश साव, डब्लू पांडेय, संजय तिवारी, भीखम राजभर, सुनील बैठा, शंभू दुबे, विपुल पटेल, राजेश लाला, मोहन सिंह, नागेंद्र कुमार, सचिन, संदीप, जयदेव सहित अन्य तत्परता से लगे रहे।
वहीं भुरकुंडा कोयलांचल और ग्रामीण क्षेत्र के शिवालयों और मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजा कर जलाभिषेक किया और सुख-शांति की कामना की। सावन की अंतिम सोमवारी पर कई जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया। इस दौरान जगह-जगह बजते भक्ती गीतों से क्षेत्र भक्ति में सराबोर रहा, लोग भोलेनाथ की भक्ति में रमे रहे।