धनबाद: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को रेलवे ऑडिटोरियम धनबाद में महिला कर्मचारियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन धनबाद मंडल की अध्यक्षा प्रिया मिश्र, उपाध्यक्षा कविता सहित अन्य सदस्यों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रिया मिश्र ने संबोधन में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाने हेतु प्रेरित किया।
इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अवसर पर अप्रैल 2026 से मार्च 2027 के मध्य सेवानिवृत्त होने वाली 29 वरिष्ठ महिला रेलकर्मियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाली 13 महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। अवसर पर पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अन्य सदस्याएं एवं मंडल के कर्मचारीगण उपस्थित थे।
