उरीमारी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को ओरमांझी में भगवान बिरसा जैविक उद्यान का शैक्षिक भ्रमण किया। EDUTRIP ZOOMANIA 2025 : पशु प्रेम थीम पर आधारित भ्रमण में कक्षा छह से 12वीं तक के तकरीबन 300 छात्र-छात्रा शामिल रहे। इस दौरान बच्चों के लिए”खेल-खेल में शिक्षा”के माध्यम से रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया। बच्चों ने पशु-पक्षियों पर आधारित क्विज और समूह चर्चा में उत्साह से भाग लिया। बताया गया कि भ्रमण का उद्देश्य बच्चों में पशुओं के प्रति प्रेम, दया, संवेदना और उनके संरक्षण की भावना को विकसित करना है। भ्रमण का समापन विद्यालय प्रांगण में पशु संरक्षण का शपथ लेकर किया गया।
अवसर पर प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने कहा कि पशु हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जब तक हम उनके प्रति करुणा और संवेदना नहीं रखते, तब तक हम सच्चे अर्थों में शिक्षित नहीं हो सकते हैं। शिक्षा तभी सार्थक है जब वह हमें मनुष्य और प्रकृति से जोड़ती है।
शैक्षिक भ्रमण में एसके पांडेय, एसके तिवारी, आरआर गुप्ता, आरएन मिश्रा, असीम घटक, एनके वत्स, बी प्रुष्टि, एलबी यादव, पी प्रधान, रश्मि तिवारी, राज कुमार, वसीम रजा, राहुल सिंह, प्रमोद सिंह, अनिल सिंह, प्रकाश बिटिया, बसंती कुमारी सहित अन्य शामिल थे।
