रामगढ़: भदानीनगर ओपी क्षेत्र देवरिया गांव में रेलवे लाइन के निकट शुक्रवार की सुबह शव पाया गया। मृतक की पहचान देवरिया निवासी आनंद महली पिता भुवनेश्वर महली के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची भदानीनगर पुलिस ने पंचनामा कर शव को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक आनंद पेशे से दिहाड़ी मजदूर था। घर में अपनी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र के साथ रहता था। जबकि उसकी बहन के घर पिता रहते हैं और छोटा भाई रांंची में रहता है। वह नशे का आदी भी था। घर में पत्नी से अक्सर उसकी अनबन होती थी और झगड़ा भी होता था। इधर, गुरुवार को घरेलू विवाद के बाद मृतक आनंद के ससुराल वाले कुच्चू (रांंची) से देवरिया आए थे। जहां झगड़ा बढ़ने के बाद वे आनंद की पत्नी और बच्चों को साथ लेकर ससुराल वाले वापस लौट गए। बताया जाता है झगड़ा काफी हुआ था। वहीं सुबह में रेलवे ट्रैक के निकट पोल संख्या 113/39 और 41 के बीच आनंद महली का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।

संभावना जताई जा रही है कि तनाव में आनंद रेलवे ट्रैक पर गया होगा। जहां ट्रेन के हल्के झटके से आनंद महली गिर पड़ा होगा और अंदरुनी चोटें आने से मौत हो गई होगी। वहीं मामले में कुछ लोग लोग हत्या कर ट्रैक के निकट शव फेंके जाने के कयास भी लगा रहे हैं। फिलहाल भदानीनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ तौर पर कुछ कहा जा सकता है।

By Admin

error: Content is protected !!