रामगढ़: छत्तरमांडू स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद पार्क में ‘ट्रांस कैफै’ का उद्घाटन मंगलवार को रामगढ़ उपायुक्त और ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। बताया जाता है कि उपायुक्त की पहल पर जिला प्रशासन प्रशासन ने ट्रांसजेंडर्स समुदाय को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए यह कदम बढ़ाया है। जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) और किन्नर उत्थान समिति के सहयोग से कैफे का संचालन किया जाएगा। 
अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि “ट्रांस कैफे” का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना, उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा समाज की मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस कैफे के माध्यम से न केवल समुदाय को रोजगार मिलेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक संवेदनशीलता और स्वीकार्यता को भी बल मिलेगा।
ट्रांसजेंडर कैफे की शुरुआत करने में उत्थान सीबीओ संस्था का भी सहयोग रहा। मौके पर उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
