Deputy Commissioner reviewed the schemes run by Chaibasa District Industries Center

चाईबासा: उपायुक्त चंदन कुमार ने बुधवार को जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों को लेकर समीक्षात्मक बैठक की। जिसमें प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजनाओं के तहत आवेदन लक्ष्य से अधिक मिले हैं, जबकि ऋण स्वीकृति और बैंक-स्तर पर लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना: 18 ट्रेड में 10,162 आवेदन

बैठक में जानकारी दी गई कि योजना के तहत 18 विभिन्न ट्रेड में कुल 10,162 आवेदन प्राप्त हुए। तीन चरणों में जाँच के बाद पात्र लाभार्थियों को संबंधित ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा उन्हें टूलकिट भी उपलब्ध कराई जा रही है।

सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना: लक्ष्य से अधिक आवेदन

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्य 135 के मुकाबले अब तक 215 आवेदन मिले हैं। इनमें 30 आवेदनों पर ऋण स्वीकृत हुआ है और 82 आवेदन विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। महाप्रबंधक को बैंकों के प्रबंधकों से समन्वय कर लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश मिला।

रोजगार सृजन योजना और अन्य पहल

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना में कुल 151 आवेदन अनुशंसित हैं, जिनमें 21 पर ऋण स्वीकृत और 66 बैंक में लंबित हैं। इसके अतिरिक्त सोनुआ में चिरौंजी उत्पादन इकाई की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर विकास बोर्ड की विशेष योजना और कौशल उन्नयन योजना के तहत प्रशिक्षण भी दिया गया है।

By Admin

error: Content is protected !!