मां छिन्नमस्तिका के दरबार में टेका मत्था, भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया
रामगढ़: मौनी अमावस्या पर शुक्रवार को प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा धाम में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दामोदर-भैरवी संगम तट आस्था की डुबकी लगाई और मां छिन्नमस्तिका के दरबार में मत्था टेका। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना कर श्रद्धालुओं ने मंगलकामना की। वहीं मौनी अमावस्या पर दान-पुण्य भी किया।
अवसर पर छिन्नमस्तिका मंदिर न्यास समिति की ओर से पंचवटी में भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप हलवा-पूरी और खिचड़ी का वितरण किया गया। पूजारी लोकेश पंडा ने बताया कि मान्यताओं के अनुसार इस दिन पवित्र संगम में देवताओं का निवास होता है। व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान, पुण्य तथा जाप करना चाहिए। ऐसा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं, सुख-समृद्धि आती है। भंडारे में छोटू पंडा, सेट्ठी पंडा, पोपेश पंडा, गुड्डू पंडा, सुबोध पंडा, राकेश पंडा सहित अन्य मौजूद रहे।