धनबाद (रांची): राम प्रताप प्रसाद हत्याकांड की जांच के दौरान मंगलवार देर रात टुंडी के मनियाडीह में पुलिस और आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, हथियार बरामदगी के लिए ले जाए जाने के दौरान आरोपी ने एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीण एसपी मो. याकूब ने बताया कि अगस्त में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र से राम प्रताप प्रसाद के लापता होने की शिकायत मिली थी। उनकी पत्नी ने दो दिनों से पति के लापता होने की जानकारी देते हुए शंकर नाम के व्यक्ति पर संदेह जताया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मैथन के पास उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शंकर ने राम प्रताप की हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए मनियाडीह ले जाया गया, जहां मुठभेड़ हुई। पुलिस का कहना है कि जून में गोंदूडीह क्षेत्र में राम प्रताप और शंकर ने मिलकर लूट की एक वारदात को अंजाम दिया था। लूट की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद शंकर ने कथित तौर पर राम प्रताप की गोली मारकर हत्या कर दी।

ग्रामीण एसपी के अनुसार, मनियाडीह से बरामद एक अज्ञात शव की पहचान राम प्रताप प्रसाद के रूप में हुई है। पुलिस इस हत्या में शंकर की संलिप्तता की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल होने की आशंका की भी पड़ताल की जा रही है। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उससे आगे पूछताछ की जाएगी।

