नीतीश भारती

लातेहार/मनिका: पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक किशोर कौशल ने गुरुवार को मनिका थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, मालखाना, हाजत, आगंतुक पंजी, लंबित कांडों की प्रगति और विधि-व्यवस्था की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में डीआईजी ने थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास से विस्तार से चर्चा की और थाना की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों की स्थिति, क्षेत्र की संवेदनशीलता और अपराध नियंत्रण को लेकर जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क और सक्रियता के साथ कार्य करने से पुलिस और जनता के बीच विश्वास और मजबूत होता है।

डीआईजी ने कहा कि थाना स्तर पर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, निष्पक्ष जांच और पीड़ितों के साथ मानवीय व्यवहार पुलिसिंग की बुनियाद है। उन्होंने थाना प्रभारी को इसी दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने का सुझाव दिया ताकि आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके और थाना की छवि और बेहतर हो।

वहीं उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्ती, संवेदनशील व अति संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी, सूचना तंत्र को और मजबूत करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर बल दिया। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट और कुर्की की ससमय तामिला को लेकर भी सकारात्मक रणनीति के तहत कार्य करने की बात कही।

डीआईजी ने अफवाह और भ्रामक सूचना पर प्रभावी नियंत्रण, साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और तकनीकी साक्ष्यों के सुदृढ़ संकलन की आवश्यकता बताई। साथ ही थाना कर्मियों को अनुशासन, समयपालन और जनता के साथ मित्रवत व्यवहार बनाए रखने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास सहित सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!