शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए पर्व, अफवाहों से बचें : उपायुक्त
रामगढ़: आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व के मद्देनजर सोमवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की उपस्थिति में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा सभी पर्व को भाईचारगी के साथ शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने हेतु शान्ति समिति के सदस्यों से भी आवश्यक सुझाव लिए गए। इस दौरान सर्वप्रथम उपायुक्त द्वारा सभी को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं दी गई वहीं उन्होंने सभी से शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न करने में अपना योगदान देने की अपील की।बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि हर बार की तरह इस बार भी जिला प्रशासन रामगढ़ शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। अलग-अलग क्षेत्र में स्थलों को चिन्हित किया गया है जहां पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्त रहेगी। इसके साथ ही दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के द्वारा गस्ती कर प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
वहीं उपायुक्त ने सभी से आपसी सौहार्द के साथ पर्व मानाने की अपील करते हुए शांति समिति के सभी सदस्यों को पर्व के दौरान शराब पीकर अथवा किसी अन्य नशे की हालत में किसी भी व्यक्ति को जुलूस में शामिल न होने देने की बात कही वहीं उन्होंने कहा कि अगर पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में इस तरह से कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने सभी शांति समिति के सदस्यों से पर्व के दौरान निकाले जाने वाले जुलूस को अनिवार्य रूप से निर्धारित रूट का पालन करते हुए ही संपन्न करने का निर्देश दिया। पर्व के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा हालांकि धार्मिक गीत बजाए जाने पर कोई समस्या नहीं है। लेकिन किसी भी हाल में कोई भी भड़काऊ गीत नहीं बजाया जाएगा। अगर इसकी अवमानना होगी तो संबंधितो पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शांतिपूर्ण तरीके से पर्व संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को उनके उनके क्षेत्र में शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय कर प्रत्येक अखाड़ा के लिए वॉलिंटियर चिन्हित कर लगातार उनके साथ संपर्क में रहने का निर्देश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने शांति समिति के सदस्यों के साथ-साथ सभी थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान निकाले जाने वाले जुलूस में निर्धारित रूट चार्ट का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने पर्व के दौरान पर्याप्त लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता आदि के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी के द्वारा पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन हेतु कई महत्वपूर्ण विषयों को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं उन्होंने जिलावासियों से अपील किया कि प्रेम और भाईचारे की साथ सभी पर्व मनाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखें। बैठक में जिला स्तरीय वरीय अधिकारियों प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों, शांति समिति के सदस्य सहित अन्य उपस्थित थे।
