प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का दिया गया प्रशिक्षण
रामगढ़: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25वें वर्षगांठ पर शनिवार को छावनी फुटबॉल मैदान रामगढ़ में जिला स्तरीय कार्यक्रम सह प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। अवसर पर विधायक रामगढ़ ममता देवी, विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी, सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल सहित जिला स्तरीय वरीय अधिकारी, अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। जिसके उपरांत सभी ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी को संबोधित करते हुए विधायक रामगढ़ ममता देवी ने सर्वप्रथम सभी को झारखंड राज्य की रजत जयंती एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए गौरव का दिन है। आज ही के दिन हमें अलग पहचान मिली। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त रामगढ़ द्वारा शुरू किए गए प्राथमिक उपचार सह सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने एवं आकस्मिक परिस्थितियों में किए जाने वाले कार्य की जानकारी लेने की अपील की।
वहीं विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी ने अपने संबोधन में सर्वप्रथम सभी को झारखंड राज्य की रजत जयंती एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएं दी जिसके उपरांत उन्होंने झारखंड राज्य के निर्माण एवं इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास है कि रामगढ़ जिले का हर दिशा में विकास हो इसके लिए वे निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने सभी को झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएं दी। इसके उपरांत उन्होंने जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा जिले के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी सभी को दी। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हम सभी का यह संकल्प होना चाहिए कि हम जिले तथा राज्य के विकास में अपना योगदान दें।
मौके पर उपायुक्त ने प्राथमिक उपचार सह सीपीआर प्रशिक्षण के तहत जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा किए जा रहे हैं कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि विगत 5 महीनों से जिला प्रशासन द्वारा प्राथमिक उपचार सह सीपीआर प्रशिक्षण चलाया जा रहा है जिसके तहत अब तक जिले में कल 175 000 लोगों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है जिला प्रशासन का यह लक्ष्य है कि पूरे जिले में कम से कम 200000 लोगों को प्राथमिक उपचार सह सीपीआर प्रशिक्षण के तहत प्रशिक्षित किया जाए। इस प्रशिक्षण को प्राप्त कर कोई भी व्यक्ति आकस्मिक स्थिति में किसी व्यक्ति की जान बचा सकता है।
वहीं राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर छावनी फुटबॉल मैदान रामगढ़ में सिविल सर्जन रामगढ़ डॉक्टर महालक्ष्मी प्रसाद सहित अनुभवी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम के द्वारा सभी जिले वासियों के समक्ष प्राथमिक उपचार सह सीपीआर प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उनके द्वारा प्रैक्टिकल करा कर भी लोगों को प्रशिक्षण देने का कार्य किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सभी को आकस्मिक स्वास्थ्य परिस्थितियों जैसे कार्डियक अरेस्ट, चोकिंग, ब्लीडिंग, बर्न, फ्रैक्चर, वज्रपात, डूबना, शॉक, सांप का काटना एवं दुर्घटना जैसी परिस्थितियों में कार्य करने को लेकर प्रशिक्षण दिया गया एवं सभी की दुविधाओं को दूर किया गया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान आपूर्ति विभाग अंतर्गत हरा राशन कार्ड, धोती साड़ी एवं चना दाल, भूमि संरक्षण अंतर्गत सोलर पंप सेट, आत्मा रामगढ़ द्वारा किसान समृद्धि योजना अंतर्गत चलित सोलर पंप सेट, कौशल विकास विभाग द्वारा नियुक्ति पत्र, जेएसएलपीएस द्वारा सीआईएफ, फूलोंझानो, आरएफ, क्रेडिट लिंकेज, सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत मुख्यमंत्री मंइँया सम्मान योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, समाज कल्याण अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, दिव्यांग यंत्र, अबुआ आवास योजना के तहत गृह प्रवेश, कल्याण कार्यालय अंतर्गत साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री पशुधन योजना के लाभुकों को योजना का लाभ दिया गया एवं उनके बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।
