रांची: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के द्वारा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के तत्वाधान में प्रमंडल स्तरीय 62वीं सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2023 का आयोजन बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम रांची में किया गया। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के पांच जिला रांची, लोहरदगा, खूंटी, गुमला और सिमडेगा की अंडर 14 बालक, अंडर 17 बालक एवं अंडर 17 बालिका कुल तीन वर्गों में पंद्रह टीमें भाग ले रहीं है।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि दक्षिणी छोटानागपुर रांची की क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक अल्का जयसवाल, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी रांची दीप्ति कुमारी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कौशल किशोर, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी विनय बंधु कच्छप ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत किया। प्रतियोगिता के प्रथम मैच में अंडर-17 बालक में एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय सिमडेगा ने उच्च विद्यालय कर्रा खूंटी को 2-0 से हराया। दूसरे मैच में संत पीएस उच्च विद्यालय रामपुर गुमला ने अंडर 17 बालिका में के जी बी वी मुरहू खूंटी को 1-0 से हराया। संत इग्नियसस उच्च विद्यालय गुमला ने आर सी एम उच्च विद्यालय सिमडेगा को 6-0 से हराया।
प्रतियोगिता के अंडर 17 बालिका वर्ग में सिमडेगा और लोहरदगा के बीच मैच खेला गया। जिसमें निर्धारित समय में दोनो टीमें बराबरी पर रही। मैच का निर्णय पेनाल्टी शूटआउट के द्वारा किया गया। जिसमें सिमडेगा ने लोहरदगा को 1-0 से पराजित कर दिया। प्रतियोगिता का समापन दो अगस्त को होगा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में लेखा पदाधिकारी आनंद कुमार, सहायक अभियंता जयंत कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी चान्हो निर्मल बड़ाईक, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सिल्ली मनोज कुमार, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी अनगड़ा पंकज तिर्की, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी चान्हो मो. इम्तियाज, शारीरिक शिक्षा शिक्षक जफर इमाम, देवचरण कच्छप, प्रदीप महतो और जिला के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं प्रखंड साधन सेवी ने मुख्य भूमिका निभाई।