रामगढ़: भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सौंदा ‘डी’ पंचायत में रविवार की दोपहर में एक वृद्ध व्यक्ति नलकारी नदी पार करने के क्रम में बह गया। काफी खोजबीन के बावजूद भी उनका पता नहीं चल सका है। घटना रविवार दोपहर तकरीबन 01:00 बजे की बताई जाती है।
मिली जानकारी के अनुसार सौंदा ‘डी’ पंचायत के 19 नंबर में कब्रिस्तान के निकट रहनेवाले कालेश्वर करमाली अपनी पत्नी सीता के साथ सुबह बलकुदरा मांझी टोला गए हुए थे। दोपहर में वापस लौटने के क्रम में वे दोनों पैदल नदी पार कर रहे थे। इस दौरान कालेश्वर अंसतुलित होकर पानी गिरे और तेज बहाव में बहने लगे। यह देख उनकी पत्नी ने शोर मचाने लगी। लेकिन इससे पहले नदी के तट पर मौजूद युवक कुछ कर पाते कालेश्वर करमाली पानी की तेज धारा में गुम हो गए। घटना की जानकारी पर आसपास के लोग जुट गए। मामले की सूचना भुरकुंडा पुलिस को दी गई। इस दौरान स्थानीय युवकों ने नदी में काफी खोजबीन की लेकिन कालेश्वर का पता नहीं चल सका।
वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने नदी के बहाव को देखते हुए लोगों को दूर रहने की हिदायत दी। खोजबीन के लिए अनुभवी गोताखोर बुलाए गए। हालांकि शाम ढल जाने की वजह से अंधेरे में खोजबीन शुरू नहीं की जा सकी। बताया जाता है कि कल सुबह गोताखोर नदी में खोजबीन करने उतरेंगे।